अगर बुलाया जाएगा तो हम, भगवान राम और प्राण प्रतिष्ठा पर कांग्रेस नेता ने कही ये बात; भाजपा को बताया फेल

अमरोहा। सहारनपुर से अमरोहा पहुंची यूपी जोड़ो यात्रा का शुभारंभ सोमवार दोपहर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राय ने वासुदेव तीर्थ पहुंच कर पूजा अर्चना के बाद किया। यात्रा शुरू होने से पहले प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा पर विफलता के आरोप लगाए।

अजय राय ने कांग्रेस को किसानों का हितैषी बताया। कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में सिवाए झूठ के कुछ नहीं होता। निमंत्रण मिलने पर कांग्रेसी भगवान श्रीराम मंदिर के उद्घाटन पर जरूर जाएंगे, क्योंकि भगवान राम सभी के हैं।

पहलवान का अपमान, हिंदुस्तान का अपमान

अयोध्या के बुलावे पर कहा कि अगर अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के उद्घाटन पर बुलाया जाएगा तो हम जरूर जाएंगे, क्योंकि श्री राम सभी के हैं। भले ही कुछ लोग उन्हें राजनीति का हिस्सा बना लें। पहलवान साक्षी मलिक के द्वारा कुश्ती को अलविदा कहने के मामले में उन्होंने कहा कि सीधे-सीधे पहलवान का अपमान हुआ है और यह सीधे-सीधे हिंदुस्तान का अपमान है।

आचार्य प्रमोद कृष्णम के बयान पर दी प्रतिक्रिया

आचार्य प्रमोद कृष्णम के द्वारा राम के बिना राजनीति संभव नहीं के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम खुद काशी से आते हैं और हर हर महादेव हमारे यहां होता है। इसके अलावा  स्वामी प्रसाद मौर्य के द्वारा सनातन समाज का अपमान करने के मामले में कहा कि समाजवादी पार्टी को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

पूरी ताकत के साथ यूपी में उतरी कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा सहारनपुर से चली है। हर जगह यात्रा को किसान, मजदूर, युवा, व्यापारी सभी वर्गों का भरपूर समर्थन व सहयोग मिल रहा है। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ यूपी में उतरी है। हर वर्ग कांग्रेस से जुड़ रहा है।

अजय ने कहा, भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी सहित हर वर्ग परेशान है। देश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। बेरोजगारी व महंगाई बढ़ रही है। भाजपा हर मोर्चे पर विफल हो रही है।

जनपद के गांव कुबी में चल रहे किसानों के धरना-प्रदर्शन पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों पर अत्याचार हो रहा है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। किसानों की लड़ाई हम आखिरी दम तक लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *