उत्तराखंड में शीत दिवस को लेकर येलो अलर्ट जारी

कोहरा व पाला भी बने मुसीबत
पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन चालकों केा एहतियात बरने का दिया सुझाव
तापमान मे हो रही भारी गिरावट

देहरादून। उत्तराखंड मौसम विभाग ने गुरुवार के मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इस दौरान एक बार फिर प्रदेश के दो मैदानी जिलों में कोहरे और शीत दिवस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया। पर्वतीय जनपदों के कुछ क्षेत्रों में पाला गिरने को लेकर एहतियात बरतने के सुझाव दिए गए हैं।
उत्तराखंड में साल 2024 का पहला महीना अब तक बारिश और बर्फबारी लिहाज से कुछ अच्छा नहीं रहा। जनवरी महीने में तीसरा हफ्ता भी बिना बारिश और बर्फबारी के ही गुजरने जा रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाते हुए प्रदेशभर में मौसम के पूरी तरह साफ रहने की संभावना जताई है। यानी राज्य में कहीं भी तेज बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
उधर मौसम विभाग की तरफ से येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट राज्य में उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिलों के लिए जारी हुआ है। इन दोनों ही जिलों के कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने का अंदेशा जताया गया है। उधमसिंह नगर जिले में शीत दिवस की संभावना व्यक्त की गई है। यानी दिन के समय भी यहां सूर्य देव के दर्शन नहीं हो पाएंगे। इसके कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है।
वैसे बुधवार को भी उधमसिंह नगर के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान बेहद कम रहा था। मौसम विभाग ने पंतनगर में अधिकतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया, जोकि सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम था। इसी तरह रात के समय न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जोकि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा।

पर्वतीय जिलों में पड़ेगा पाला
मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी में पर्वतीय जिलों को भी शामिल किया गया है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के कई हिस्सों में ज्यादा पाला पड़ने की आशंका व्यक्त है। ऐसी स्थिति में लोगों को एहतियात बरतने का भी सुझाव दिया गया है। उधर पौड़ी और नैनीताल जिलों के मैदानी हिस्सों में भी सुबह और शाम के वक्त कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।

शीत लहर के कहर के चलते नैनीताल में स्कूल बंद
नैनीताल। जिले में शीत लहर और घने कोहरे के चलते जनपद के मैदानी इलाकों जिसमें हल्द्वानी कालाढूंगी रामनगर और लाल कुआं क्षेत्र के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने आमजन की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इन मैदानी इलाकों में एक दिवसीय छुट्टी के आदेश जारी कर दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के द्वारा दिनांक 18 जनवरी, 2024 को प्रातः 10रू00 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मैदानी भागों में दिनाँक 19 जनवरी, 2024 को शीत दिवस एवं घने कोहरे की सम्भावना व्यक्त की गई हैं, साथ ही वर्तमान समय में भी जनपद के मैदानी क्षेत्रों (हल्द्वानी, लालकुआँ, कालाढूंगी व रामनगर) में शीत दिवस एवं कोहरे की स्थिति बनी हुई है जिसके फलस्वरूप अत्यधिक ठंड, शीतलहर एवं घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से जनपद के मैदानी क्षेत्रों में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं के जान-माल के खतरे की सम्भावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *