पूर्व विधायक के वाहन ने मारी टक्कर,युवक घायल

हरिद्वार। खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के काफिले में शामिल एक वाहन की बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण बताया जा रहा है कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार युवक घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक और उसके परिजनों ने काफिले में शामिल लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना लंढौरा के नजदीक थिथौला गांव स्थित इंडियन होटल के पास की बताई जा रही है। खानपुर विधानसभा से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह  अपने वाहनों के काफिले के साथ लक्सर शुगर मिल में आयोजित पेराई सत्र के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान काफिले में चल रही एक गाड़ी की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्ष रूप से सामने आई जानकारी के अनुसार, सड़क हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक दीन मोहम्मद ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद उसे उचित मदद नहीं मिली और काफिले में मौजूद लोगों का रवैया भी सवालों के घेरे में रहा। युवक ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह  पर धमकाने का भी आरोप लगाया है। वहीं घायल युवक के पिता और दादा ने भी घटना को लेकर अपनी नाराजगी जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सड़क हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल सहायता क्यों नहीं मिली। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन है। यदि काफिले में शामिल किसी वाहन चालक की लापरवाही सामने आती है, तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी या नहीं, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है। मामले की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। वहीं घायल युवक के बयान और उसके परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। उधर, दूसरी ओर खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह ने इस मामले में अपनी फेसबुक आईडी पर बयान जारी किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि आज एक छोटा सा एक्सीडेंट था। उसको छोटी सोच में किस तरह से बढ़ाकर दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय थोड़ा बहुत गाड़ियां आपस में लग जाती हैं और चोटफोट आ जाती है, लेकिन इसका ये मतलब नहीं कि जानबूझकर मारा गया। उन्होंने कहा कि ये झूठा प्रचार कराया जा रहा है कि उस युवक को डराया या धमकाया गया है। चैंपियन ने कहा कि हम लोग काफिले के रूप में जा रहे थे जिसमें 45 गाड़ियां शामिल थी। इसी दौरान कोई बच्चा बाइक पर था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाइक वाले लापरवाही के साथ चलते हैं सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास आ गई है, जिसमें बाइक सवार युवक दूसरी बाइक से टकराकर उनकी काफिले की गाड़ी से टकराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *